🙏 द्वारा, राधेश्याम चौऋषिया 🙏
भोपाल। भा.कृ.अनु.प.-केन्द्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान, भोपाल के प्रधान वैज्ञानिक, डॉ. मनोज कुमार त्रिपाठी को 2025 में भी विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों में चयनित किया गया है। यह सम्मान उन्हें पांचवीं बार मिला है, जिसे अमेरिका स्थित स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी ने जारी किया है। इस सूची में उन्हीं वैज्ञानिकों को शामिल किया जाता है, जिनके शोध कार्य, शोध पत्र और अनुसंधान वैश्विक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इस सूची में शामिल वैज्ञानिकों के शोध पत्रों का सबसे अधिक उल्लेख (साइटेशन) किया गया है, जो उनके अनुसंधान कार्यों की प्रामाणिकता और उनके योगदान को दर्शाता है। यह सूची प्रतिष्ठित वैज्ञानिक प्रकाशन एल्सेवियर द्वारा प्रकाशित की गई है।
डॉ. त्रिपाठी राष्ट्रीय एकेडमी के सदस्य भी हैं और उन्हें प्रोबायोटिक फूड के विकास पर भारत सरकार द्वारा पेटेंट भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने सोयाबीन, फल , सब्जी और मिलेट से तैयार खाद्य उत्पादों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण तकनीकों का आविष्कार किया है। इसके साथ ही, उन्होंने "वेस्ट टू वेल्थ" तकनीकों का भी विकास किया है, जो किसानों और उद्योगों के लिए अत्यधिक लाभकारी साबित हो रही हैं और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रही हैं।
उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें कई अन्य महत्वपूर्ण पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है।
Comments