27 मई को शीघ्र लेखक संघ एवं मंत्रालय कर्मियों द्वारा आयोजित होगा विशेष कार्यक्रम
भोपाल। मध्यप्रदेश सचिवालय (मंत्रालय) शीघ्र लेखक संघ द्वारा दिनांक 27 मई 2025 को दोपहर 01.00 बजे मंत्रालय प्रांगण में एक भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह स्वागत कार्यक्रम प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सम्मान में आयोजित किया जा रहा है।
इस गरिमामयी अवसर पर माननीय श्री विश्वास सारंग, मंत्री, सहकारिता, खेल एवं युवक कल्याण, श्रीमती कृष्णा गौर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण तथा श्री भगवान दास सबनानी, विधायक, दक्षिण-पश्चिम, भोपाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
यह आयोजन मंत्रालयीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच विशेष उत्साह का विषय बना हुआ है, क्योंकि यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा कर्मचारियों के हित में निरंतर लिए जा रहे सकारात्मक निर्णयों और सतत रूप से जारी किए गए आदेशों की पृष्ठभूमि में आयोजित किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश सचिवालय (मंत्रालय) शीघ्र लेखक संघ के अध्यक्ष श्री सुभाष वर्मा के नेतृत्व में मंत्रालयीन अधिकारियों/कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में माननीय मुख्यमंत्री से भेंट की थी। इस भेंट के दौरान मुख्यमंत्री जी द्वारा कार्यक्रम की स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों में अत्यधिक हर्ष व्याप्त है। श्री वर्मा के नेतृत्व में इस स्वागत कार्यक्रम की तैयारियाँ पूरे जोर-शोर से चल रही हैं।
श्री जी.पी. सिंह, प्रवक्ता, म.प्र. सचिवालय (मंत्रालय) शीघ्र लेखक संघ ने बताया कि, यह भी अपेक्षित किया जा रहा है कि, इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी मंत्रालय के मंच से कर्मचारियों की वर्षों पुरानी लंबित मांगों के निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान कर सकते हैं। इसे लेकर मंत्रालयीन कर्मचारियों में विशेष जोश और आशा का माहौल है।
इसी कड़ी में आज मंत्रालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मंत्रालय की एनेक्सी-2 में जनसंपर्क करते हुए पंपलेट का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम से संबंधित जानकारी साझा की और कर्मचारियों से 27 मई 2025 को आयोजित कार्यक्रम में ससम्मान उपस्थित होने का आग्रह किया।
Comments