उज्जैन। चीन में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा लेने के लिए शहर की प्रतिभा संपन्न शतरंज खिलाड़ी कु. चार्वी मेहता 15 अक्टूबर को नई दिल्ली से चीन के लिए रवाना हो गई। चैंपियनशिप 22 से 28 अक्टूबर तक चीन के हांगझू शहर में आयोजित की जाएगी।
यह जानकारी उज्जयिनी शतरंज संघ के अध्यक्ष संदीप कुलश्रेष्ठ एवं सचिव महावीर जैन में देते हुए बताया कि, चैंपियनशिप में भारतीय टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया एवं पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में चेन्नई में भारतीय टीम का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। जिसमें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ी भारत के 13वें ग्रैंड मास्टर दीपन चक्रवर्ती, 31वे ग्रैंड मास्टर श्याम सुंदर एवं महिला ग्रैंड मास्टर सिरिजा शेषाद्री सहित कई इंटरनेशनल मास्टर शतरंज खिलाड़ियों द्वारा एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को विशेष टिप्स देने के साथ ही दिमागी कौशल का संतुलित एवं समन्वित उपयोग करने के दिशा निर्देश भी दिए।
![]() |
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भारत के 13वें ग्रैंड मास्टर दीपन चक्रवर्ती से शतरंज की बारीकियों को सीखते हुए चार्वी मेहता |
आपने बताया कि एशियाड में हिस्सा लेने वाली उज्जैन की पहली खिलाड़ी चार्वी मेहता केंद्रीय विद्यालय, उज्जैन में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत है। चार्वी इस स्पर्धा में भारतीय महिला टीम का नेतृत्व कर रही है। चैंपियनशिप व्यक्तिगत एवं सामूहिक वर्ग में शतरंज की दोनों इवेंट क्लासिकल एवं रैपिड श्रेणी में आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय खिलाड़ी जयेश खत्री एवं राष्ट्रीय आर्बिटर नीरज सिंह कुशवाह से शतरंज की बारीकियों का प्रशिक्षण प्राप्त चार्वी वर्तमान में शतरंज के तकनीकी विशेषज्ञ अरबाज खान एवं इंटरनेशनल खिलाड़ी ओमप्रकाश कंवल से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है।
![]() |
अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं विमेंस ग्रैंड मास्टर सिरिजा शेषाद्री के साथ मैच खेलते हुए चार्वी मेहता |
शुभम चौऋषिया ने बताया कि, चार्वी मेहता की गौरवमयी उपलब्धि पर शतरंज संघ के संरक्षक सांसद अनिल फिरोजिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सत्यनारायण जटिया, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, विधायक एवं पूर्व मंत्री पारस चन्द्र जैन, महापौर मुकेश टटवाल, मध्यप्रदेश फार्मेसी काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष ओम जैन,अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक महेश परमार, एमआईसी सदस्य शिवेंद्र तिवारी, रजत मेहता, प्रकाश शर्मा एवं केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य मुकेश कुमार मीना ने हर्ष व्यक्त कर भारत के लिए पदक जीतकर शहर को गौरवान्वित करने के लिए चार्वी को अग्रिम शुभकामनाएं दी है।
Comments