सामाजिक विकास एवं आत्मनिर्भरता रूपी रोशनी की लौ होती है, महिलाएं अगर वो ठान ले तो असंभव कार्य को भी संभव कर सकती है - कुलपति प्रोफेसर पांडेय
विश्वविद्यालय द्वारा महिलाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया जाएगा
उज्जैन। विक्रम विश्वविद्यालय द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में रहवासी महिला कर्मचारी एवं कर्मचारियों की पत्नियों को विश्वविद्यालय द्वारा मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। गत कुछ समय से विक्रम विश्वविद्यालय द्वारा अनेक रोज़गारपरक पाठ्यक्रम खोले गए हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य हर वर्ग के लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में कौशल विकास प्रदान करने का है। इसी शृंखला में महिलाओं को आत्मनिर्भरता प्रदान करने हेतु माननीय कुलपति जी ने विश्वविद्यालय की रहवासी महिलाओं, महिला कर्मचारियों और विश्वविद्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की पत्नियों से विश्वविद्यालय परिसर में मशरूम का उत्पादन करते हुए आर्थिक प्रगति कुमार अग्रसर होने की अपील की। महिलाओं से चर्चा करते हुए माननीय कुलपति जी ने कहा कि समाज को सामाजिक स्थिरता एवं आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने में महिलाओं की अहम भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक विकास एवं आत्मनिर्भरता रूपी रोशनी की लौ होती है। महिलाएं अगर वो ठान ले तो असंभव कार्य को भी संभव कर सकती हैं, अतः विश्वविद्यालय सभी इच्छुक महिलाओं को प्रशिक्षण दे उनके एवं समाज के उत्थान में सहायक बनना अपना दायित्व मानता है। माननीय कुलपति जी ने कहा कि विश्वविद्यालय परिक्षेत्र में मशरूम की प्रजातियों में से प्रमुख गैनोडरमा लिसिडियम सर्वाधिक संख्या में दिखती है, जिसके अनेक प्रकार के सौंदर्य प्रसाधन बनाए जा सकते हैं। हर्बल होने के कारण इससे कोई नुकसान भी नहीं होता है, ऐसे और भी अनेक हर्बल उत्पाद है जो मशरूम का उत्पादन कर उससे बनाए जा सकते है।
महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए कुलपति जी ने कहा कि विक्रम विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान अध्ययनशाला में मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया जाता है, जहां संपर्क कर महिलाएं यह प्रशिक्षण प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी विभाग के विद्यार्थियों ने मशरूम का इस्तमाल कर कई हर्बल प्रोडक्ट तैयार किए हैं। महिलाएं मशरूम उत्पादन के साथ-साथ मशरूम से विभिन्न उत्पाद बनाने की कला भी विक्रम विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी और फार्मेसी विभाग जैसे विभागों से सीख सकती हैं।
Comments