विद्यार्थियों को सही दिशा देने के लिए सदैव तत्पर है विक्रम विश्वविद्यालय - कुलपति प्रो पांडेय
विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन प्रदान करना किसी भी शिक्षक एवं शैक्षणिक संस्थान का प्रमुख दायित्व है, इसी बात को प्राथमिकता देते हुए विक्रम विश्वविद्यालय सदैव छात्र हित में करियर मार्गदर्शन शिविर का आयोजन करता रहा है। विश्वविद्यालय द्वारा कोविड संकट से मुक्ति के बाद जून 2022 में विश्वविद्यालय चलो अभियान की शुरुआत की गई थी, जिसके तहत उज्जैन एवं उज्जैन के आस-पास के विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा करियर मार्गदर्शन प्रदान करते हुए विश्वविद्यालय में पिछले दो वर्षों में खोले गए पाठ्यक्रमों एवं विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी प्रदान की गई ।
इस अभियान से लगभग 10,000 से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हुए थे। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा पुनः इस वर्ष अभियान की शुरुआत की गई है। इस शृंखला में विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा दिनांक 20 जनवरी 2023 को शासकीय शालिग्राम तोमर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दौलतगंज में विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन प्रदान किया गया एवं विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी प्रदान की गई। विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो अखिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करना विश्वविद्यालय का प्रथम दायित्व है, जिसके लिए विश्वविद्यालय सदैव संकल्पित रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय चलो अभियान का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों की मन में उपजी शंकाओं का निवारण करने का है। साथ ही विद्यार्थियों में यह भावना प्रवाहित करने का है कि कोई भी कार्य या व्यवसाय छोटा - बड़ा नहीं होता बल्कि किसी भी व्यवसाय में दक्षता एवं निपुणता हासिल करना अनिवार्य है।
विक्रम विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो प्रशांत पुराणिक ने कहा कि विश्वविद्यालय सदैव छात्र हित के लिए संकल्पित है। छात्रों के लिए लाभदायक गतिविधियों को विश्वविद्यालय ने सदैव प्रोत्साहित किया है। विक्रम विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रोफेसर शैलेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय चलो अभियान के पहले और दूसरे चरण से पिछले वर्ष हजारों विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं और इसका सीधा असर विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में होने वाले प्रवेश पर भी दिखा है। विश्वविद्यालय चलो अभियान में भाग लेने वाले शिक्षक डॉ अरविन्द शुक्ल, डॉ शिवि भसीन, इंजीनियर अंजलि उपाध्याय ने बताया कि आने वाले एक महीने में विश्वविद्यालय के शिक्षक उज्जैन शहर के कई विद्यालयों और महाविद्यालयों में जा कर करियर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
इस अभियान में विश्वविद्यालय के शिक्षक डॉ ब्रह्मदत्त शुक्ल, डॉ गरिमा शर्मा, इंजीनियर कंचन थूल, इंजीनियर शिवम् शर्मा, इंजीनियर मोहित प्रजापति, डॉ पूर्णिमा त्रिपाठी, डॉ शीतल चौहान आदि सहित अनेक शिक्षक सहभागी बनेंगे।
Comments