Skip to main content

महान क्रांतिदर्शी भगवान बिरसा मुंडा ने जगाया भारत का स्वाभिमान

जननायक बिरसा मुंडा जयंती - जनजातीय गौरव दिवस पर विक्रम विश्वविद्यालय में दो परिसंवाद सम्पन्न 

उज्जैन। महान जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्रांतिदर्शी बिरसा मुंडा के जीवन, व्यक्तित्व और योगदान के विविध पक्षों पर महत्वपूर्ण व्याख्यान हुए। परिसंवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो अखिलेश कुमार पांडेय ने की। मुख्य वक्ता के रूप में कुलसचिव डॉ प्रशांत पुराणिक एवं कुलानुशासक प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा ने विचार व्यक्त किए। शालिग्राम तोमर छात्रावास एवं विद्योत्तमा छात्रावास के सभागार में दो परिसंवाद आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में विद्यार्थी कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ एस के मिश्रा, मुख्य प्रपालक डॉ डी डी बेदिया, प्रपालक डॉ रमण सोलंकी एवं डॉ नयनतारा डामोर ने  विचार व्यक्त किए।

परिसंवाद को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो अखिलेश कुमार पांडेय ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत की धन - सम्पदा को लूटने के साथ हमारी संस्कृति को नष्ट करने का प्रयास किया था। भारत एक समृद्ध राष्ट्र था। हमारी सामाजिक व्यवस्था और राष्ट्र के प्रति निष्ठा को समाप्त करने की कोशिश ब्रिटिश शासन ने की। भगवान बिरसा मुंडा ने उनके खिलाफ संघर्ष कर हमारे स्वाभिमान को जागृत किया। उन्होंने प्रकृति और संस्कृति के बीच संतुलन स्थापित करने की कोशिश की। बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की मुक्ति के लिए प्रयास किए। 

कुलसचिव डॉ प्रशांत पुराणिक ने भगवान बिरसा मुंडा की जीवन गाथा प्रस्तुत करते हुए कहा कि वे सभी प्रकार के दमन चक्र के विरुद्ध खड़े हुए थे। भगवान बिरसा मुंडा ने सामाजिक दायित्व का निर्वाह करने के लिए जनजाति समुदाय के लोगों को जागृत किया। उन्होंने असंख्य आदिवासियों और किसानों को अंग्रेजों के अत्याचारों और शोषण चक्र के विरुद्ध खड़ा किया। उन्होंने लोगों के बीच राजनीतिक दृष्टि जागृत की। उलगुलान के रूप में उनकी आवाज जनजाति विद्रोह के रूप में निरन्तर आगे बढ़ी। उनकी स्मृति में जनजातीय गौरव दिवस संपूर्ण देश में मनाया जाता है।

कुलानुशासक प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा आधुनिक भारत में सामाजिक, राजनैतिक और आर्थिक क्रांति के पुरोधा थे। अंधविश्वास और रूढ़ियों से मुक्त करने के लिए उन्होंने धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से जनजातीय समुदाय के मध्य नव चेतना का संचार किया। स्वदेश और स्व संस्कृति की रक्षा के लिए वे प्राणपण से जुटे रहे। वनांचल और पर्यावरण संतुलन के साथ राष्ट्र की रक्षा के लिए उन्होंने मुंडा, उरांव एवं अन्य समुदायों के मध्य व्यापक जागरूकता पैदा की।

कार्यक्रम में विद्यार्थी कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ सत्येंद्र किशोर मिश्रा, मुख्य पालक डॉ डी डी बेदिया, प्रपालक डॉ रमण सोलंकी, कन्या छात्रावास की प्रपालिका डॉ  नयनतारा डामोर आदि ने महान क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा के योगदान पर प्रकाश डाला।

इन कार्यक्रमों में डॉ अजय शर्मा, डॉ दीपा द्विवेदी, छात्र प्रतिनिधि श्री युवराज पंड्या, श्री आदर्श चौधरी, कु साक्षी यादव, जगबीर सिंह, संजय सेन आदि सहित अनेक कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

शालिग्राम तोमर छात्र छात्रावास में आयोजित परिसंवाद कार्यक्रम के संयोजक डॉ रमण सोलंकी थे। विद्योत्तमा एवं डॉ रमाबाई अंबेडकर छात्रावास के परिसंवाद कार्यक्रम का संयोजन डॉ नयनतारा डामोर एवं संचालन शुभी पाराशर ने किया।  आभार प्रदर्शन डॉ दीपा द्विवेदी ने किया।

Comments

Popular posts from this blog

आधे अधूरे - मोहन राकेश : पाठ और समीक्षाएँ | मोहन राकेश और उनका आधे अधूरे : मध्यवर्गीय जीवन के बीच स्त्री पुरुष सम्बन्धों का रूपायन

  आधे अधूरे - मोहन राकेश : पीडीएफ और समीक्षाएँ |  Adhe Adhure - Mohan Rakesh : pdf & Reviews मोहन राकेश और उनका आधे अधूरे - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा हिन्दी के बहुमुखी प्रतिभा संपन्न नाट्य लेखक और कथाकार मोहन राकेश का जन्म  8 जनवरी 1925 को अमृतसर, पंजाब में  हुआ। उन्होंने  पंजाब विश्वविद्यालय से हिन्दी और अंग्रेज़ी में एम ए उपाधि अर्जित की थी। उनकी नाट्य त्रयी -  आषाढ़ का एक दिन, लहरों के राजहंस और आधे-अधूरे भारतीय नाट्य साहित्य की उपलब्धि के रूप में मान्य हैं।   उनके उपन्यास और  कहानियों में एक निरंतर विकास मिलता है, जिससे वे आधुनिक मनुष्य की नियति के निकट से निकटतर आते गए हैं।  उनकी खूबी यह थी कि वे कथा-शिल्प के महारथी थे और उनकी भाषा में गज़ब का सधाव ही नहीं, एक शास्त्रीय अनुशासन भी है। कहानी से लेकर उपन्यास तक उनकी कथा-भूमि शहरी मध्य वर्ग है। कुछ कहानियों में भारत-विभाजन की पीड़ा बहुत सशक्त रूप में अभिव्यक्त हुई है।  मोहन राकेश की कहानियां नई कहानी को एक अपूर्व देन के रूप में स्वीकार की जाती हैं। उनकी कहानियों में आधुनिक जीवन का कोई-न-कोई विशिष्ट पहलू उजागर

मालवी भाषा और साहित्य : प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा

MALVI BHASHA AUR SAHITYA: PROF. SHAILENDRAKUMAR SHARMA पुस्तक समीक्षा: डॉ श्वेता पंड्या Book Review : Dr. Shweta Pandya  मालवी भाषा एवं साहित्य के इतिहास की नई दिशा  लोक भाषा, लोक साहित्य और संस्कृति का मानव सभ्यता के विकास में अप्रतिम योगदान रहा है। भाषा मानव समुदाय में परस्पर सम्पर्क और अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। इसी प्रकार क्षेत्र-विशेष की भाषा एवं बोलियों का अपना महत्त्व होता है। भारतीय सभ्यता और संस्कृति से जुड़े विशाल वाङ्मय में मालवा प्रदेश, अपनी मालवी भाषा, साहित्य और संस्कृति के कारण महत्त्वपूर्ण स्थान रखता है। यहाँ की भाषा एवं लोक-संस्कृति ने  अन्य क्षेत्रों पर प्रभाव डालते हुए अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। मालवी भाषा और साहित्य के विशिष्ट विद्वानों में डॉ. शैलेन्द्रकुमार शर्मा का नाम बड़े आदर से लिया जाता है। प्रो. शर्मा हिन्दी आलोचना के आधुनिक परिदृश्य के विशिष्ट समीक्षकों में से एक हैं, जिन्होंने हिन्दी साहित्य की विविध विधाओं के साथ-साथ मालवी भाषा, लोक एवं शिष्ट साहित्य और संस्कृति की परम्परा को आलोचित - विवेचित करने का महत्त्वपूर्ण एवं सार्थक प्रयास किया है। उनकी साहित्य

हिंदी कथा साहित्य / संपादक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा

हिंदी कथा साहित्य की भूमिका और संपादकीय के अंश : किस्से - कहानियों, कथा - गाथाओं के प्रति मनुष्य की रुचि सहस्राब्दियों पूर्व से रही है, लेकिन उपन्यास या नॉवेल और कहानी या शार्ट स्टोरी के रूप में इनका विकास पिछली दो सदियों की महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है। हिंदी में नए रूप में कहानी एवं उपन्यास  विधा का आविर्भाव बीसवीं शताब्दी में हुआ है। वैसे संस्कृत का कथा - साहित्य अखिल विश्व के कथा - साहित्य का जन्मदाता माना जाता है। लोक एवं जनजातीय साहित्य में कथा – वार्ता की सुदीर्घ परम्परा रही है। इधर आधुनिक हिन्दी कथा साहित्य का विकास संस्कृत - कथा - साहित्य अथवा लोक एवं जनजातीय कथाओं की समृद्ध परम्परा से न होकर, पाश्चात्य कथा साहित्य, विशेषतया अंग्रेजी साहित्य के प्रभाव रूप में हुआ है।  कहानी कथा - साहित्य का एक अन्यतम भेद और उपन्यास से अधिक लोकप्रिय साहित्य रूप है। मनुष्य के जन्म के साथ ही साथ कहानी का भी जन्म हुआ और कहानी कहना - सुनना मानव का स्वभाव बन गया। सभी प्रकार के समुदायों में कहानियाँ पाई जाती हैं। हमारे देश में तो कहानियों की सुदीर्घ और समृद्ध परंपरा रही है। वेद - उपनिषदों में वर्णित यम-यम