बाइस विधाओं में सात जिलों के तीन सौ से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे
उज्जैन। विक्रम विश्वविद्यालय में अंतरजिला विश्वविद्यालयीन युवा उत्सव का आयोजन 19 एवं 20 नवंबर 2022 को होगा। युवा उत्सव का शुभारंभ 19 नवंबर को प्रातः काल 9 : 30 बजे होगा। विक्रम विश्वविद्यालय परिक्षेत्र के सात जिलों से 22 विधाओं में भाग लेने के लिए तीन सौ से अधिक प्रतिभागी विद्यार्थी, दल प्रबंधक और संगतकार सम्मिलित होंगे। समापन एवं पुरस्कार वितरण 20 नवंबर को दोपहर 2 : 30 बजे होगा। जिला स्तरीय युवा उत्सव के आयोजन के बाद अब संभाग स्तर पर विश्वविद्यालयीन युवा उत्सव का आयोजन विक्रम विश्वविद्यालय परिसर में 19 से 20 नवंबर तक होगा। यह जानकारी देते हुए युवा उत्सव के समन्वयक प्रोफेसर देवेंद्र मोहन कुमावत एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थी कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. एसके मिश्रा ने बताया कि दो दिवसीय युवा उत्सव के लिए विक्रम विश्वविद्यालय परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 7 जिलों से 300 से अधिक प्रतिभागी और दल प्रबंधक, संगतकार शामिल होंगे। नगर से बाहर से आने वाले दल के सदस्यों को ठहराने के लिए हॉस्टल में व्यवस्था की गई है। पहले दिन 19 नवंबर को प्रातः 8 बजे से पंजीयन के बाद विभिन्न स्पर्धाओं का दौर शुरू हो जाएगा। अगले दिन 20 नवंबर को दोपहर तक विभिन्न स्पर्धाओं के बाद दोपहर 2.30 बजे से पुरस्कार वितरण कार्यक्रम होगा। विविध विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाला दल राज्य स्तरीय युवा उत्सव के लिए बरकत्तउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल जाएगा। दो दिवसीय युवा उत्सव के अंतर्गत एकल शास्त्रीय वादन, नृत्य, गायन, लोक नृत्य, समूह नृत्य, प्रश्रमंच, लघुनाटिका, स्वांग, मूक अभिनय, नाटक, चित्रकला, मूर्तिकला, कोलाज, व्यंग्यचित्र, रांगोली, वाद-विवाद, पोस्टर निर्माण, सुगम संगीत, समूह गान, पाश्चात्य संगीत की विभिन्न विधाओं में जिला स्तर से चयनित होकर आए प्रतिभागी शामिल होंगे। दो दिन सभी स्पर्धाएं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जंयती सभागृह, शलाका दीर्घा और पुरातत्व संग्रहालय में आयोजित कराई जाएगी।
Comments