बीज प्रौद्योगिकी के वैज्ञानिक डॉ संजय दीक्षित के विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन
उज्जैन। विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन में अध्ययनरत कृषि विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान के विद्यार्थियों को बीज प्रौद्योगिकी की नवीन जानकारी प्रदान करने हेतु डॉ संजय दीक्षित का विशिष्ट व्याख्यान आयोजित किया जायेगा। भविष्य में बायर फसल विज्ञान कंपनी द्वारा विद्यार्थियों को बीज प्रौद्योगिकी का प्रशिक्षण दिया जायेगा। डॉ संजय दीक्षित वानस्पतिकी अध्ययनशाला विक्रम विश्वविद्यालय से बीज प्रौद्योगिकी में पीएच. डी. उपाधि पूर्ण करने के पश्चात् बायर क्रॉप साइंस कंपनी नीदरलैंड में हेड सब्जी बीज उत्पादक पद पर कार्यरत हैं। बायर क्रॉप साइंस कंपनी हाइब्रिड सीड, हरविसाइड, कीटनाशक, उर्वरक, पौधों की वृद्धि के लिए उतरदायी पदार्थ तथा अनेक अन्य महत्वपूर्ण उत्पादों को तैयार करने वाली प्राचीन कंपनी है, जो नीदरलैंड, यूरोप, अफ्रीका, तथा मिडिल ईस्ट देशों में अपने उत्पाद उपलब्ध करवाती है। भारत में भी बायर फसल कंपनी पिछले कई वर्ष से कृषि क्षेत्र में अपना योगदान दे रही है।
विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अखिलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि विक्रम विश्वविद्यालय में कृषि एवं वनस्पति विज्ञान में अध्ययनरत विद्यार्थियों के प्रशिक्षण हेतु बायर फसल विज्ञान कंपनी के साथ एम. ओ. यू. का प्रयास किया जा रहा है। जीव विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रोफेसर डी. एम. कुमावत ने बताया कि विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बीज तकनीक की नवीन जानकारी प्रदान करने हेतु दिनांक 8 अगस्त 2022 को वनस्पतिकी अध्ययनशाला में डॉ संजय दीक्षित का विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कृषि एवं जीव विज्ञान संकाय के विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।
Comments