Skip to main content

सम्पूर्ण उज्जैन जिले की राजस्व सीमाओं में रात्रि 11 बजे से प्रात: 5 बजे तक रात्रिकालीन कफ्यू लागू रहेगा, धारा 144 के तहत आदेश जारी, मास्क नहीं लगाने पर 200 रुपये का स्पॉट फाइन

उज्जैन 24 दिसम्बर। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री आशीष सिंह ने वर्तमान में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए एवं देश के विभिन्न राज्यों में कोरोना के ओमिक्रॉन वेरियेंट के जिनोम सिक्वेंसिंग में पाये जाने पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये आवश्यक कदम उठाते हुए राज्य शासन के निर्देश अनुसार आमजन की स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को देखते हुए सम्पूर्ण उज्जैन जिले की राजस्व सीमाओं में धारा 144, एपिडेमिक डिसिज एक्ट-1897 एवं नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट-2005 के तहत 23 दिसम्बर को आदेश पारित कर सम्पूर्ण उज्जैन जिले की राजस्व सीमाओं में रात्रि 11 बजे से प्रात: 5 बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है। रात्रिकालीन कर्फ्यू के दौरान अत्यावश्यक सेवाओं जैसे चिकित्सा सुविधा, अस्पताल, पैथालॉजी लेब, दवा की दुकान, फायर सर्विसेस, कोविड व्यवस्था में लगे विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया, अन्तर्राज्यीय बस, ट्रेन, हवाई यात्रीगण, समस्त लोडिंग ट्रांसपोर्ट वाहन, फैक्टरी एवं उसके वर्कर आदि पर उक्त प्रतिबंध प्रभावशाली नहीं होंगे।

धारा-144 के तहत जारी आदेश के बिन्दु :-
• रात्रिकालीन कर्फ्यू के तारतम्य में जिले के समस्त धार्मिक संस्थान में आम श्रद्धालुओं के दर्शन, पूजन, प्रार्थना का समय प्रात: 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक निर्धारित किया गया है। रात्रिकालीन कर्फ्यू के दौरान दैनिक धार्मिक गतिविधियों के सम्पादन हेतु केवल सम्बन्धित पुजारी, इमाम, पादरी, ज्ञानी को उपासना स्थल में आवागमन की अनुमति होगी।
• समस्त सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, थिएटर, जिम, कोचिंग, स्वीमिंग पुल, क्लब, स्टेडियम में 18 वर्ष से अधिक आयु के केवल उन लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी, जिन्होंने कोविड 19 के दोनों टीके लगवाये हैं। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं रहेगा, क्योंकि उन पर कोविड टीके के डोज का बंधन नहीं है।
• समस्त शासकीय सेवकों से कहा गया है कि वे कोविड के दोनों डोज लेने के उपरान्त ही कार्यालय में आयें। समस्त विभागाध्यक्ष कार्यालय प्रमुखों की यह जवाबदारी रहेगी कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को प्रेरित कर यह सुनिश्चित करें।
• समस्त स्कूल, कॉलेज, होस्टल में कार्यरत प्राचार्य, शिक्षक, संचालक, स्टाफ तथा अध्ययनरत 18 वर्ष से अधिक आयु के छात्र-छात्राओं से अपेक्षा है कि वे कोविड 19 के टीके के दोनों डोज अनिवार्य रूप से लें।
• समस्त मार्केट एसोसिएशन, विभिन्न कॉमर्स चेम्बर्स, रहवासी संगठन, मॉल प्रबंधन, दुकान संचालक, मेला आयोजक यह सुनिश्चित करवायेंगे कि वे स्वयं एवं उनके कर्मचारी कोविड 19 टीके के दोनों डोज के उपरान्त ही कार्य पर रखे जायें। सभी आमजन से अपील की गई है कि वे भीडभाड़ वाले इलाके में जाने से बचें तथा कोविड उपयुक्त व्यवहार जैसे मास्क का उपयोग, सोशल डिस्टेंसिंग, सेनीटाइजर आदि का प्रयोग सुनिश्चित करें।
विभिन्न शासकीय अधिकारी, कर्मचारी तथा निजी अस्पताल के लिये दिशा-निर्देश
• उज्जैन जिले के विभिन्न स्थानों पर कोविड केयर सेन्टर की स्थापना के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभाग के अधिकारी आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करेंगे।
• सभी निजी अस्पताल, शासकीय अस्पताल तथा जहां ऑक्सीजन प्लांट स्थापित है, वहां पर ऑक्सीजन शुद्धता, संधारण के लिये टेक्निशियन की उपस्थिति, संधारण हेतु वारंटी अथवा मेंटेनेंस कांट्रेक्ट की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करें। इस सम्बन्ध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सम्बन्धित एसडीएम द्वारा आवश्यक सहयोग एवं पर्यवेक्षण किया जाये।
• शासकीय अस्पताल, निजी अस्पताल में कोविड 19 मरीजों हेतु आवश्यक बेड का आरक्षण किया जाये। समस्त निजी अस्पताल 10 प्रतिशत बिस्तर कोविड मरीजों हेतु आरक्षित करेंगे।
• सभी शासकीय एवं निजी अस्पताल संचालकों को निर्देश दिये गये हैं कि वे कोविड उपचार हेतु आवश्यक उपकरण, दवाईयां, वेंटिलेटर, बायपेप आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही गर्भवती महिला एवं बच्चों के लिये भी इंतजाम किया जाना सुनिश्चित करें।
• आयुक्त नगर निगम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, जिला पंचायत व सभी एसडीएम को निर्देश दिये गये हैं कि वे अपने अधीनस्थों के माध्यम से मास्क पहनने की अनिवार्यता को सख्ती से लागू करें। मास्क ठीक ढंग से न पहनने अथवा मास्क नहीं पहनने पर 200 रुपये का अर्थदण्ड आरोपित किया जाना सुनिश्चित करें।
• धारा 144 के तहत जारी किये गये आदेश के प्रावधानों का उल्लंघन दण्डनीय अपराध होगा। उक्त आदेश जारी करने की दिनांक से आगामी आदेशपर्यन्त प्रभावशील रहेगा।
वेक्सीनेशन, मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग से ही ओमिक्रॉन से बचा जा सकेगा, मास्क नहीं लगाने पर 200 रुपये का स्पॉट फाइन
उज्जैन 24 दिसम्बर। कलेक्टर ने ओमिक्रॉन वेरियेंट को फैलने से रोकने के लिये आम जनता से आव्हान किया है कि वे भीड़ भाड़ वाली जगह पर न जायें और सोशल डिस्टेंसिंग कापालन करें। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से कहा है कि वे अनिवार्य रूप से मास्क लगायें। मास्क नहीं लगाने वालों के विरूद्ध धारा 144 के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी तथा 200 रुपये का फाइन लगाया जायेगा। साथ ही प्रकरण भी दर्ज किया जायेगा। कलेक्टर ने आमजन से आव्हान किया है कि ऐसी स्थिति निर्मित न हो, इसलिये सभी लोग टीका लगवायें और मास्क लगाकर घर के बाहर निकलें।

Comments

Popular posts from this blog

आधे अधूरे - मोहन राकेश : पाठ और समीक्षाएँ | मोहन राकेश और उनका आधे अधूरे : मध्यवर्गीय जीवन के बीच स्त्री पुरुष सम्बन्धों का रूपायन

  आधे अधूरे - मोहन राकेश : पीडीएफ और समीक्षाएँ |  Adhe Adhure - Mohan Rakesh : pdf & Reviews मोहन राकेश और उनका आधे अधूरे - प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा हिन्दी के बहुमुखी प्रतिभा संपन्न नाट्य लेखक और कथाकार मोहन राकेश का जन्म  8 जनवरी 1925 को अमृतसर, पंजाब में  हुआ। उन्होंने  पंजाब विश्वविद्यालय से हिन्दी और अंग्रेज़ी में एम ए उपाधि अर्जित की थी। उनकी नाट्य त्रयी -  आषाढ़ का एक दिन, लहरों के राजहंस और आधे-अधूरे भारतीय नाट्य साहित्य की उपलब्धि के रूप में मान्य हैं।   उनके उपन्यास और  कहानियों में एक निरंतर विकास मिलता है, जिससे वे आधुनिक मनुष्य की नियति के निकट से निकटतर आते गए हैं।  उनकी खूबी यह थी कि वे कथा-शिल्प के महारथी थे और उनकी भाषा में गज़ब का सधाव ही नहीं, एक शास्त्रीय अनुशासन भी है। कहानी से लेकर उपन्यास तक उनकी कथा-भूमि शहरी मध्य वर्ग है। कुछ कहानियों में भारत-विभाजन की पीड़ा बहुत सशक्त रूप में अभिव्यक्त हुई है।  मोहन राकेश की कहानियां नई कहानी को एक अपूर्व देन के रूप में स्वीकार की जाती हैं। उनकी कहानियों में आधुनिक जीवन का कोई-न-कोई विशिष्ट पहलू उजागर

मालवी भाषा और साहित्य : प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा

MALVI BHASHA AUR SAHITYA: PROF. SHAILENDRAKUMAR SHARMA पुस्तक समीक्षा: डॉ श्वेता पंड्या Book Review : Dr. Shweta Pandya  मालवी भाषा एवं साहित्य के इतिहास की नई दिशा  लोक भाषा, लोक साहित्य और संस्कृति का मानव सभ्यता के विकास में अप्रतिम योगदान रहा है। भाषा मानव समुदाय में परस्पर सम्पर्क और अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। इसी प्रकार क्षेत्र-विशेष की भाषा एवं बोलियों का अपना महत्त्व होता है। भारतीय सभ्यता और संस्कृति से जुड़े विशाल वाङ्मय में मालवा प्रदेश, अपनी मालवी भाषा, साहित्य और संस्कृति के कारण महत्त्वपूर्ण स्थान रखता है। यहाँ की भाषा एवं लोक-संस्कृति ने  अन्य क्षेत्रों पर प्रभाव डालते हुए अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। मालवी भाषा और साहित्य के विशिष्ट विद्वानों में डॉ. शैलेन्द्रकुमार शर्मा का नाम बड़े आदर से लिया जाता है। प्रो. शर्मा हिन्दी आलोचना के आधुनिक परिदृश्य के विशिष्ट समीक्षकों में से एक हैं, जिन्होंने हिन्दी साहित्य की विविध विधाओं के साथ-साथ मालवी भाषा, लोक एवं शिष्ट साहित्य और संस्कृति की परम्परा को आलोचित - विवेचित करने का महत्त्वपूर्ण एवं सार्थक प्रयास किया है। उनकी साहित्य

हिंदी कथा साहित्य / संपादक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा

हिंदी कथा साहित्य की भूमिका और संपादकीय के अंश : किस्से - कहानियों, कथा - गाथाओं के प्रति मनुष्य की रुचि सहस्राब्दियों पूर्व से रही है, लेकिन उपन्यास या नॉवेल और कहानी या शार्ट स्टोरी के रूप में इनका विकास पिछली दो सदियों की महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है। हिंदी में नए रूप में कहानी एवं उपन्यास  विधा का आविर्भाव बीसवीं शताब्दी में हुआ है। वैसे संस्कृत का कथा - साहित्य अखिल विश्व के कथा - साहित्य का जन्मदाता माना जाता है। लोक एवं जनजातीय साहित्य में कथा – वार्ता की सुदीर्घ परम्परा रही है। इधर आधुनिक हिन्दी कथा साहित्य का विकास संस्कृत - कथा - साहित्य अथवा लोक एवं जनजातीय कथाओं की समृद्ध परम्परा से न होकर, पाश्चात्य कथा साहित्य, विशेषतया अंग्रेजी साहित्य के प्रभाव रूप में हुआ है।  कहानी कथा - साहित्य का एक अन्यतम भेद और उपन्यास से अधिक लोकप्रिय साहित्य रूप है। मनुष्य के जन्म के साथ ही साथ कहानी का भी जन्म हुआ और कहानी कहना - सुनना मानव का स्वभाव बन गया। सभी प्रकार के समुदायों में कहानियाँ पाई जाती हैं। हमारे देश में तो कहानियों की सुदीर्घ और समृद्ध परंपरा रही है। वेद - उपनिषदों में वर्णित यम-यम