विभिन्न पाठ्यक्रमों की विशेषताओं से अवगत करवाया युवाओं को
उज्जैन: विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के शिक्षकों द्वारा विश्वविद्यालय चलो अभियान की शुरुआत ज्ञान सागर ग्लोबल अकादमी से की गई। शिक्षकों द्वारा विक्रम विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की विशेषताओं और उनकी विस्तृत जानकारी युवाओं को प्रदान की गई।
गौरतलब है, कि विक्रम विश्वविद्यालय द्वारा लगातार गत तीन वर्षों से विश्वविधालय चलो अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा विभिन्न स्कूल और कॉलेज में जा कर विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी प्रदान की जाती रही है। इस वर्ष भी इस अभियान की शुरुआत विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा ज्ञानसागर ग्लोबल अकादमी में आयोजित करियर काउंसलिंग फेयर से की गई।
इस अभियान पर चर्चा करते हुए विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अखिलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि विद्यार्थियों को सही कैरियर मार्गदर्शन प्रदान करना विश्वविद्यालयों का परम दायित्व है, अतः विद्यार्थियों को उनकी रुचि अनुसार सही करियर लेने की सलाह देना और विश्वविद्यालय द्वारा संचालित सभी पाठ्यक्रमों की विशेष जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचना भी शिक्षकों और विश्वविद्यालय से जुड़े लोगो का ही दायित्व है।
आयोजन स्थल पर उपस्थित विक्रम विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति एवं कुलानुशासक प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के अनेक पाठ्यक्रमों से जुड़ने में रुचि दिखाई।
आयोजन में डॉक्टर शिवी भसीन एवं डॉक्टर पूर्णिमा त्रिपाठी द्वारा लाइफ साइंस, डॉक्टर कमल जैन, डॉक्टर प्रिया जैन एवं डॉक्टर प्रज्ञा मित्तल द्वारा गणित एवं विज्ञान, इंजीनियर मोहित प्रजापति द्वारा इंजीनियरिंग और कंप्यूटर विज्ञान एवं डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह द्वारा वाणिज्य, कला एवं आर्टस विषय की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि आगे भी इन शिक्षकों के अतिरिक्त और भी शिक्षक इस अभियान से जुड़ेंगे और विक्रम विश्वविद्यालय के परिक्षेत्र में आने वाले सभी स्कूल और कालेज तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाएगी।
Comments